चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान रक्षाबंधन के पावन अवसर पर "मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव कार्यक्रम" में जनपद चंपावत को विकास की अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने जनपद के सर्वांगीण विकास एवं जनकल्याण को समर्पित कुल 50 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने 1107.75 लाख रुपये की कुल लागत वाली 20 विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें जनता की सेवा में समर्पित किया। इसके साथ ही, क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और भविष्य की विकास आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए, उन्होंने 5189.12 लाख रुपये की कुल लागत की 30 नई विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया।
कुल 6296.87 लाख रुपये की इन 50 विकास परियोजनाओं के माध्यम से जनपद चंपावत में बुनियादी सुविधाओं, जन-सुविधाओं और क्षेत्रीय विकास को एक नई दिशा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के दुर्गम एवं सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और ये परियोजनाएं आदर्श चंपावत के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगी।