कमला कैनाल लिफ्टिंग पंप नहर की अव्यवस्थाओं को लेकर भाकियू प्रयाग का धरना प्रदर्शन
बारा/प्रयागराज। बारा तहसील क्षेत्र के अंतर्गत कमला कैनाल पंप नहर (भोड़ी) में सिंचाई व्यवस्था की अनियमितताओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (प्रयाग) ने सिंचाई विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
किसान यूनियन का आरोप है कि धान की रोपाई के समय किसानों को पानी की सबसे अधिक जरूरत है, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण नहर में समय से पानी नहीं छोड़ा गया। किसानों के अनुसार 30 जून को पानी छोड़ा जाना था, लेकिन देरी के बाद भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। वर्तमान में केवल तीन पंप ही संचालित किए जा रहे हैं, जिससे पानी का प्रवाह काफी कम है। वहीं भोड़ी पंप पर भी सिर्फ दो पंपों के सहारे काम चलाया जा रहा है।
भाकियू नेताओं का कहना है कि शासन द्वारा लिफ्टिंग कैनाल के लिए करोड़ों रुपये का बजट जारी किया गया और नई मोटरें भी लगाई गईं, इसके बावजूद किसानों को सिंचाई के लिए परेशान होना पड़ रहा है। संगठन ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जल्द से जल्द सभी पंपों को सुचारु रूप से चालू कराने और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की मांग की है।
धरना प्रदर्शन में रूपेंद्र यादव, दिनेश पटेल, सुनील पटेल, छोटू सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण मौजूद रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Bara, Allahabad | Jul 14, 2026