धान की रोपाई के बाद नदी में हाथ-पैर धोने गया 12 वर्षीय बालक, मगरमच्छ ने बनाया शिकार
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। धान की रोपाई करने के बाद 12 वर्षीय एक बालक पास की नदी में हाथ-पैर धोने गया था। इसी दौरान नदी में मौजूद एक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बालक ने खुद को बचाने के लिए काफी संघर्ष किया, लेकिन मगरमच्छ उसे नदी के भीतर खींच ले गया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि,इस वायरल वीडियो की हैलो चंबल पुष्टि नहीं करता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में मगरमच्छों की मौजूदगी की जानकारी होने के बावजूद वन विभाग ने पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए।
फिलहाल वन विभाग और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।