श्रावणी मेला 2026 की अंतिम सोमवारी को होने वाली श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला पदाधिकारी, बांका द्वारा आज रविवार को देर शाम जेठौरनाथ मंदिर एवं धनकुंड नाथ महादेव मंदिर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पेयजल, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी तरह सजग एवं मुस्तैद रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखें तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तत्पर रहें।
उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ सौम्य, शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने का निर्देश दिया। साथ ही, श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि मंदिर परिसर एवं मंदिर तक जाने वाले मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त एवं सुचारू पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, संभावित भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था को भी सुदृढ़ रखने तथा आवश्यक स्थानों पर मेडिकल टीम, दवाइयां एवं अन्य चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जिला पदाधिकारी ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं तैनात पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए यातायात को नियंत्रित किया जाए तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय एवं बेहतर तालमेल के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
धनकुंड नाथ महादेव मंदिर का भी किया निरीक्षण
जेठौरनाथ मंदिर का निरीक्षण करने के पश्चात देर रात जिला पदाधिकारी द्वारा धनकुंड नाथ महादेव मंदिर का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को संभावित भीड़ के मद्देनजर सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा श्रद्धालुओं के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों का पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं उनके लिए बेहतर, सुगम एवं समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उन्हें शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में दर्शन की सुविधा मिले, इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी तत्परता एवं समन्वय के साथ कार्य करें।
Banka, Bihar | Aug 23, 2026