प्रेस विज्ञप्ति-1
स्थान-नालन्दा
दिनांक : 28 जुलाई 2026
*स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के दिए गए निर्देश*
• स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियाँ समयबद्ध एवं समन्वित ढंग से पूर्ण करने का निर्देश।
• सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, ट्रैफिक एवं अन्य व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने पर विशेष जोर।
• वर्षा ऋतु को देखते हुए संभावित जलजमाव वाले स्थलों पर अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश।
• उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों-कर्मियों तथा मेधावी छात्र-छात्राओं एवं खिलाड़ियों को सम्मानित करने हेतु सूची तैयार करने का निर्देश।
• जिले के सभी जीवित स्वतंत्रता सेनानियों को मुख्य समारोह में ससम्मान आमंत्रित करने के निर्देश।
*नालन्दा*| आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के सफल, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
सुश्री सारा अशरफ, उप विकास आयुक्त, नालन्दा कीं अध्यक्षता में हुई बैठक में समारोह की तैयारियों, विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं समन्वित रूप से सभी तैयारियाँ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले झंडोत्तोलन समारोह एवं अन्य कार्यक्रमों के लिए समय-निर्धारण पर सहमति बनी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्य समारोह सोगरा उच्च विद्यालय परिसर में पूर्वाह्न 9:00 बजे आयोजित होगा। इसके उपरांत समाहरणालय, जिला परिषद, डीआरडीए, अनुमंडल कार्यालय, गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय, बिहारशरीफ नगर निगम, बिहारशरीफ थाना परिसर, कारगिल पार्क, पुलिस लाइन तथा महादलित टोलों में निर्धारित समयानुसार झंडोत्तोलन एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, शहर की साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, समारोह स्थलों की रंगाई-पुताई एवं सजावट, अग्निशमन व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र, अतिथियों एवं आम नागरिकों के बैठने की समुचित व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, विधि-व्यवस्था संधारण, कार्यक्रमों के पूर्वाभ्यास, आमंत्रण-पत्र वितरण, राष्ट्रध्वज एवं राष्ट्रगान की गरिमा बनाए रखने तथा महादलित टोलों में झंडोत्तोलन सहित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में निर्देश दिया गया कि वर्षा ऋतु को देखते हुए सभी विभाग पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें। संभावित जलजमाव वाले स्थलों की पूर्व पहचान कर आवश्यक निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि समारोह के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो। सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का समयबद्ध, समन्वित एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्देश दिया गया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सूची तैयार कर उन्हें सम्मानित करने हेतु उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जिले के सभी जीवित स्वतंत्रता सेनानियों को मुख्य समारोह में ससम्मान आमंत्रित करना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक की अध्यक्षता कर रही उप विकास आयुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर जिले के उन मेधावी छात्र-छात्राओं एवं खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने जिला, राज्य, राष्ट्रीय अथवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित कर नालन्दा जिले का गौरव बढ़ाया है।
बैठक में विशेष कार्य पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Nalanda, Bihar | Jul 28, 2026