नगरासू क्षेत्र में माहौल अभी भी तनावपूर्ण बना हुआ है। बीते 24 घंटे से निहंग सिख तीर्थयात्री गुरुद्वारे में डटे हुए हैं। वहीं, एक 55 वर्षीय सिख यात्री के कथित अपहरण की सूचना से चिंता और बढ़ गई है।
आज रुद्रप्रयाग विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी मोहित डिमरी मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने जिला प्रशासन एवं गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के साथ वार्ता की। इस दौरान उन्होंने निहंग सिख तीर्थयात्रियों से भी बातचीत की।
निहंग सिख यात्रियों का कहना है कि कर्णप्रयाग में हुई घटना के बाद गिरफ्तार किए गए निहंग सिखों को रिहा किया जाए, अन्यथा देशभर से बड़ी संख्या में निहंग सिख उत्तराखंड पहुंचेंगे।
मोहित डिमरी ने सभी पक्षों से शांति, संयम और संवाद बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी विवाद का समाधान बातचीत और कानून के दायरे में ही संभव है। उन्होंने जिला प्रशासन से स्थिति पर संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बना रहे।
Pauri, Garhwal | Jun 21, 2026