प्रेस विज्ञप्ति
स्थान : नालंदा
दिनांक : 24 अगस्त 2026
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालंदा
पहले लक्ष्य तय करें, फिर छोटे-छोटे हिस्सों में बाँटकर Step-by-Step आगे बढ़ें—तभी लक्ष्य होगा हासिल”: जिलाधिकारी
• पीपल-टू-पीपल संपर्क के माध्यम से समस्या की जड़ तक पहुँचें, वास्तविक स्थिति को समझें और उसके स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
• स्मार्ट क्लास, बेहतर खेल सुविधाओं, खेल सामग्री एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण के साथ विद्यालयों को अग्रणी शिक्षण संस्थानों के समकक्ष विकसित करने पर जोर।
• नगरनौसा में डिग्री कॉलेज हेतु चिन्हित भूमि से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश।
• बड़े लक्ष्यों को छोटे-छोटे कार्यों में विभाजित कर नियमित समीक्षा और रियल-टाइम मॉनिटरिंग के माध्यम से लक्ष्य प्राप्त करने की कार्यप्रणाली अपनाने का निर्देश
• केवल प्रगति की जानकारी देने के बजाय मापनीय और धरातल पर दिखाई देने वाले परिणाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बिहारशरीफ (नालंदा)*। जिला समाहरणालय के न्यू एनआईसी भवन में जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति, जनशिकायतों के निष्पादन, लंबित मामलों तथा जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक की शुरुआत जिले के सरकारी विद्यालयों के शैक्षणिक एवं समग्र उन्नयन के विषय से हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी विद्यालयों को और अधिक परिष्कृत, परिवर्धित एवं गुणवत्तापूर्ण बनाते हुए अन्य उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थानों के समकक्ष प्रतिस्पर्धी सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को भी बेहतर भविष्य के लिए वैसा ही गुणवत्तापूर्ण वातावरण और अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, बेहतर खेल सुविधाएं, खेल का उपयुक्त वातावरण, आवश्यक खेल सामग्री तथा गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल विकसित किया जाए। अन्य उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थानों में जिस प्रकार प्रतिस्पर्धी एवं सकारात्मक वातावरण बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होता है, उसी प्रकार का माहौल सरकारी विद्यालयों में भी तैयार किया जाना चाहिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि विद्यालयों के उन्नयन को लेकर सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से जिले में कुछ विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा, जो विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए तैयार करने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।
जिलाधिकारी ने Corporate Social Responsibility (CSR) के माध्यम से सरकारी विद्यालयों के उन्नयन की संभावनाओं को तलाशने का निर्देश दिया।
*पहले लक्ष्य तय करें, फिर Step-by-Step आगे बढ़ें”*
समीक्षा के दौरान जिन प्रखंडों में विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों में लंबित मामले अधिक पाए गए, वहां जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट मूल मंत्र दिया—
“पहले लक्ष्य तय करें। फिर उस लक्ष्य को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर Step-by-Step आगे बढ़ें। तभी लक्ष्य हासिल होगा और ग्रोथ भी स्पष्ट रूप से दिखाई देगी।”
उन्होंने अधिकारियों को केवल बोलने के बजाय परिणाम देने पर फोकस करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा
“हमें बताना नहीं है, हमें रिजल्ट चाहिए।”
*नगरनौसा में डिग्री कॉलेज के लिए भूमि चिन्हित होने पर संतोष*
जिलाधिकारी ने नगरनौसा प्रखंड के पास डिग्री कॉलेज के लिए भूमि चिन्हित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया कि इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रशासन को भेजना सुनिश्चित करें, ताकि आगे की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी की जा सके।
वहीं आयुष्मान कार्ड योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिले के अस्पतालों के इम्पैनलमेंट की प्रक्रिया पूरी होने पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने आयुष्मान कार्ड से संबंधित कार्यों को आगे भी प्रभावी ढंग से जारी रखने का निर्देश दिया। समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार जिले में जुलाई तक 11,80,945 आयुष्मान कार्ड सत्यापित किए जा चुके हैं।
*राशन कार्ड e-KYC में आ रही चुनौतियों के समाधान का निर्देश*
राशन कार्ड से संबंधित समीक्षा के दौरान e-KYC वेरिफिकेशन में आ रही तकनीकी एवं व्यावहारिक चुनौतियों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को समस्याओं की पहचान कर समाधान सुनिश्चित करने तथा e-KYC की प्रगति में तेजी लाने का निर्देश दिया।
*अस्थावां के अच्छे प्रदर्शन को अन्य प्रखंड अपनाएं*
समीक्षा के दौरान अस्थावां के प्रखंड विकास पदाधिकारी से बेहतर आंकड़ों के संबंध में जानकारी ली गई। बीडीओ ने बताया कि लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए नियमित रूप से बैठक कर टारगेट सेट किया जाता है तथा शाम को Google Meet के माध्यम से रियल टाइम डाटा की मॉनिटरिंग की जाती है। जिलाधिकारी ने इस कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए अन्य प्रखंडों को भी इससे सीख लेने और अपने प्रदर्शन में सुधार करने को कहा।
वहीं, हरनौत प्रखंड को अपने प्रदर्शन एवं आंकड़ों में सुधार करने का निर्देश दिया गया तथा अगले समीक्षा बैठक में प्रगति बेहतर करने को कहा गया।
*नल-जल योजना के भुगतान की प्रगति पर संतोष*
नल-जल योजना से संबंधित कार्यों एवं भुगतान की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया तथा योजनाओं से जुड़े कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।
PM सूर्य घर योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि Application Generation और Installation दोनों मोर्चों पर तेजी से कार्य किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों को आवेदन सृजन के साथ-साथ वास्तविक इंस्टॉलेशन की गति बढ़ाने और दोनों स्तरों पर बेहतर आंकड़े सुनिश्चित करने को कहा। समीक्षा में जिले में कुल 3,114 आवेदन, 1610 इंस्टॉलेशन तथा सप्ताह के दौरान आवेदन एवं इंस्टॉलेशन की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं जनोन्मुखी तरीके से कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने तथा जिन मामलों में अंतर-विभागीय समन्वय की आवश्यकता है, उनमें आपसी समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई करने को कहा।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Revenue and Land Reforms Dept, Govt. of Bihar
Panchayati Raj Department, Government of Bihar
Energy Department, Bihar
Bihar Education Department
Bihar Health Department
Public Health Engineering Department, Government of Bihar
Food & Consumer Protection Dept., Govt. of Bihar
Nalanda, Bihar | Aug 24, 2026