*कैमोर में जनकल्याण शिविर आयोजित, विकास कार्यों की समीक्षा एवं नवीन निर्माण कार्यों को मिली स्वीकृति*
*सांसद श्री वीडी शर्मा और विधायक श्री पाठक रहे मौजूद*
कटनी।नगर परिषद कैमोर द्वारा म.प्र. शासन के निर्देशानुसार स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत जीरो वेस्ट थीम पर जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि की हैसियत से सांसद श्री वीडी शर्मा एवं विजयराघवगढ़ क्षेत्र के विधायक श्री संजय सत्येन्द्र पाठक मौजूद रहे।
जनकल्याण शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस दौरान हितग्राहियों को स्वीकृत राशि के चेक एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदान कर अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों तक लाभ पहुंचाने का संदेश दिया गया।
*नगर परिषद की बैठक*
शिविर उपरांत सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं विधायक श्री संजय सत्येन्द्र पाठक ने नगर के जनप्रतिनिधियों तथा नगर परिषद के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में नगर में पूर्व से संचालित विकास कार्यों की सराहना करते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया गया। साथ ही विभिन्न वार्डों में आवश्यक निर्माण कार्यों एवं विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर विधायक श्री पाठक द्वारा नगर के समग्र विकास हेतु 32 निर्माण कार्यों के लिए लगभग 5.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई तथा विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान अतिथिगणों ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों, लाभान्वित हितग्राहियों एवं नगरवासियों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित किया तथा सामूहिक सहभोज में सहभागिता कर सौहार्दपूर्ण वातावरण में समय व्यतीत किया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पलक नमित ग्रोवर, उपाध्यक्ष श्री संतोष केवट, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री मनीष परते, स्वच्छता निरीक्षक श्री पी.आर. सिंह, उपयंत्री श्री हिमांशु गौतम, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, परिषद अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
@JansamparkMP
@CMMadhyaPradesh
#katni #कटनी
@GADdeptmp
Department of Urban Development & Housing MP
Katni, Madhya Pradesh | Jun 16, 2026