30 सितंबर से बरेली में होगा रासलीला और भक्त लीलाओं का भव्य मंचन
#बरेली। श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल (रजि.) की ओर से भारतीय संस्कृति, अध्यात्मिक चेतना और भावात्मक एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रासलीला एवं भक्त लीलाओं का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन में वृंदावन के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त रासलीला आचार्य स्वामी डा. देवकी नंदन जी महाराज एवं उनकी रास मंडली द्वारा विभिन्न धार्मिक एवं भक्तिपूर्ण लीलाओं का मंचन किया जाएगा।
मंडल के पदाधिकारियों ने रविवार को प्रेसवार्ता में बताया कि आयोजन 30 सितंबर से आठ अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम छह बजे से रात 9:30 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के साथ विभिन्न संतों और भक्तों के जीवन एवं भक्ति प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत 30 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं नंदोत्सव लीला से होगी। एक अक्टूबर को भक्त शिरोमणि मीराबाई, दो अक्टूबर को शिव-पार्वती विवाह, तीन अक्टूबर को श्री खाटू श्याम चरित्र, चार अक्टूबर को गिरिराज पूजन एवं छप्पन भोग, पांच अक्टूबर को महिषासुर मर्दिनी मां दुर्गा चरित्र, छह अक्टूबर को प्रभु जगन्नाथ महिमा, सात अक्टूबर को भक्त नरसी मेहता चरित्र एवं नानीबाई का मायरा तथा आठ अक्टूबर को कंस वध, उग्रसेन राजतिलक एवं होली लीला का मंचन किया जाएगा।
देश-विदेश में कर चुके हैं रासलीला का मंचन
प्रेस नोट के अनुसार स्वामी डा. देवकी नंदन जी महाराज का जन्म उत्तर प्रदेश-राजस्थान सीमा पर स्थित कामवन तहसील के सहरा गांव में हुआ। शिक्षा-दीक्षा के बाद वह वृंदावन आए और रासलीला के क्षेत्र में सक्रिय हुए। बचपन से ही उन्होंने श्रीकृष्ण स्वरूप का अभिनय किया। हवेली संगीत, शास्त्रीय संगीत, शास्त्रीय नृत्य और लोक संगीत के क्षेत्र में भी उन्होंने विशेष पहचान बनाई।
वह पारंपरिक रास एवं रासलीला के आचार्य बताए गए हैं। श्रीकृष्ण रासलीला पर विशेष कार्य के लिए विक्रमशिला हिंदू विद्यापीठ विश्वविद्यालय से उन्हें पीएचडी की उपाधि प्रदान किए जाने का भी प्रेस नोट में उल्लेख है। उनके निर्देशन में रासलीला और रामलीला का मंचन देश के विभिन्न हिस्सों के साथ इंग्लैंड, कनाडा, थाईलैंड और अमेरिका सहित कई देशों में भी किया जा चुका है।
प्रेसवार्ता में जुगल किशोर साबू, मोहन गुप्ता, कैलाश चंद्र शर्मा, विकास शर्मा, संजय झंवर, मुकेश अग्रवाल, नवीन गोयल, रामदयाल मोहता, पंकज अग्रवाल, प्रेम शंकर अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, आशीष मालू, संजय शर्मा, प्रकाश चंद्र शर्मा, हरिबाबू खंडेलवाल, रिंकू आदि मौजूद रहे।
Bareilly news Live #up.