बारां के अंता इलाके में नागदा कुंड में डूबने से युवती की मौत, कांवड़ यात्रा में आई थी युवती
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंपा शव, घर-परिवार में पसरा मातम
अंता, नागदा स्थित शिव मंदिर के समीप नदी में डूबने से एक 18 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बालिका को नदी से बाहर निकाला और उपचार के लिए उप जिला अस्पताल अंता पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान पाटुंदा निवासी लक्ष्मी केवट (18) पुत्री बालमुकुंद केवट के रूप में हुई है। एएसआई धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि पाटुंदा गांव से ग्रामीण कांवड़ लेने के लिए नागदा स्थित शिव मंदिर आए थे। इसी दौरान यह घटना हुई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से बालिका को नदी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
Sangod, Kota | Aug 22, 2026