#ज्वेलर_कांड_में_चालान_पेश..
भरतपुर। जिले के नदबई कस्बे के बहुचर्चित ज्वेलर योगेंद्र चौपड़ा हत्याकांड और लूट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ एसीजेएम कोर्ट में आरोप पत्र पेश कर दिया है। अभियोजन अधिकारी प्रदीप कुमार शर्मा के अनुसार, नदबई पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर नितिन निवासी नेवाड़ा थाना हलेना, राजकुमार निवासी नगला डिप्टी थाना लखनपुर और श्यामवीर निवासी रंजीतपुरा आगरा के खिलाफ चालान दाखिल किया है, जबकि मुख्य शूटर और उसका साथी अभी भी फरार हैं। गौरतलब है कि ज्वेलर योगेंद्र चौपड़ा नगर तिराहे पर स्थित चौपड़ा ज्वैलर्स की दुकान बंद कर 25 मार्च की शाम करीब 7 बजे स्कूटी से घर लौट रहे थे। योगेंद्र चौपड़ा अपनी स्कूटी पर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी से भरे दो बैग लेकर घर जा रहे थे। जैसे ही वह पंजाबी कॉलोनी में पार्षद के घर के पास पहुंचे, तभी पीछा करते हुए आए बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने पहले योगेंद्र चौपड़ा के साथ मारपीट की और जेवरात से भरे बैग छीनने का प्रयास किया। जब योगेंद्र ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके गले में गोली मार दी और जेवरात से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे नदबई कस्बे में भारी आक्रोश फैल गया था। व्यापारियों और सर्व समाज द्वारा लगातार धरना-प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी। जिसके बाद पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। हांलाकि इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी शूटर और उसका साथी अभी भी फरार हैं।