श्रावणी मेला 2026 के दौरान कांवरिया श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा उपलब्ध कराने तथा उनकी यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, बांका के निर्देश पर कांवरिया पथ पर 15 सूचना केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन सूचना केंद्रों के माध्यम से यात्रा के दौरान अपने परिजनों से बिछड़ने वाले श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से मिलाने के साथ-साथ खोए हुए सामान को भी संबंधित श्रद्धालुओं तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
इसी क्रम में सूईयां सूचना केंद्र के माध्यम से रांची, झारखंड की रहने वाली 34 वर्षीय निशा कुमारी, जो टंकेश्वर में अपने परिजनों से बिछड़ गई थीं, को उनके परिजनों से मिलाया गया। वहीं, जिलेबिया मोड़ सूचना केंद्र के माध्यम से प्रियंका देवी को उनके परिजनों से मिलाया गया।
इसी प्रकार अबरखा सूचना केंद्र के माध्यम से गया, बिहार की रहने वाली कांति देवी को तथा दूनिया अधूरी सूचना केंद्र के माध्यम से नालंदा, बिहार की रहने वाली मंजू देवी को उनके परिजनों से मिलाया गया।
यात्रा के दौरान बिछड़े हुए परिजनों के दोबारा मिलने का भावुक क्षण बेहद मार्मिक रहा। अपनों से मिलते ही श्रद्धालुओं के चेहरे पर खुशी और आंखों में भावनाएं साफ झलक उठीं। परिजनों से मिलन के बाद श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए श्रावणी मेला के दौरान उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं की सराहना की।
25 views | Banka, Bihar | Aug 13, 2026