फतेहाबाद ब्रांच में नहरबंदी के दौरान राजस्थान को स्वीकृत पानी उपलब्ध करवाने पर हरियाणा सिंचाई विभाग से हुई वार्ता*
#hanumangarh हनुमानगढ़/नोहर, 5 अक्टूबर। हरियाणा सिंचाई विभाग द्वारा फतेहाबाद ब्रांच में 11 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2026 तक पुनः नहरबंदी किए जाने के कारण नोहर एवं भादरा तहसील क्षेत्र में आगामी दिनों में संभावित पेयजल संकट की स्थिति को देखते हुए राजस्थान जल संसाधन विभाग के अधिकारियों द्वारा हरियाणा सिंचाई विभाग के अधिकारियों से वार्ता की गई तथा फतेहाबाद ब्रांच नहर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधीक्षण अभियंता श्री नीरंजन लाल मीणा, अधिशासी अभियंता श्री तिलोक चंद तथा सहायक अभियंता श्री दिनेश सिंहमार द्वारा टोहाना के अधिशासी अभियंता से वार्ता की गई। टोहाना स्थित विश्राम गृह में हुई वार्ता के दौरान राजस्थान के अधिकारियों द्वारा फतेहाबाद ब्रांच में नहरबंदी के दौरान सिद्धमुख नोहर फीडर से पानी उपलब्ध करवाने तथा वर्तमान में अमर सिंह सब ब्रांच में इंडेंट के अनुसार पानी उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया। इस पर टोहाना के अधिशासी अभियंता ने हरसंभव प्रयास करते हुए राजस्थान को स्वीकृत पानी उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। वार्ता के दौरान टोहाना के अधिशासी अभियंता ने बताया कि सिद्धमुख नोहर फीडर की डिजाइन क्षमता 829 क्यूसेक है, लेकिन फीडर की वर्तमान स्थिति खराब होने के कारण इसमें लगभग 500 क्यूसेक तक ही पानी छोड़ा जाना संभव है। फीडर के नवीनीकरण की आवश्यकता भी बताई गई।
इस पर भादरा के अधिशासी अभियंता ने बताया कि सिद्धमुख नोहर फीडर के नवीनीकरण का कार्य प्रस्तावित है तथा डीपीआर तैयार करने के लिए राजस्थान सरकार द्वारा स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। डीपीआर स्वीकृत होने के बाद शीघ्र ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर फीडर के नवीनीकरण का कार्य करवाया जाएगा।अधिकारियों ने बताया कि नहरबंदी की अवधि में नोहर एवं भादरा क्षेत्र में पेयजल की उपलब्धता बनाए रखना प्राथमिकता है तथा हरियाणा सिंचाई विभाग के सहयोग से राजस्थान के हिस्से के स्वीकृत पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
____