*जिलाधिकारी ने किया जिला पंचायत राज कार्यालय का औचक निरीक्षण*
*समय पर कार्य पूरा करने और स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश*
मोतिहारी, 17 सितंबर 2026:
जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव के द्वारा आज जिला मुख्यालय स्थित जिला पंचायत राज कार्यालय का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कार्यालय की कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त करना, विभिन्न विकास योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करना और लोक सेवाओं की ससमय उपलब्धता सुनिश्चित करना था।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय के विभिन्न पटलों का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों व कर्मियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के मुख्य बिंदु और जिलाधिकारी के निर्देशः
फाइलों का त्वरित निष्पादनः जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्यालय में कोई भी संचिका अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। आम जनता से जुड़े मामलों और सात निश्चय योजना के कार्यों की फाइलों का निष्पादन तय समय-सीमा के भीतर किया जाए। जिलाधिकारी ने कार्यालय में वर्तमान सभी कर्मियों को सही तरीके से कार्य आवंटन का निर्देश दिया।
बायोमेट्रिक उपस्थिति और समयबद्धताः कार्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ससमय कार्यालय आने की हिदायत दी गई। जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजी और बायोमेट्रिक अटेंडेंस की जांच करते हुए अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण गली-नाली पक्कीकरण निश्चय योजना और पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वच्छता और बेहतर कार्य माहौलः 'स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026' के तहत जिलाधिकारी ने पूरे कार्यालय परिसर को साफ-सुथरा रखने का निर्देश दिया, ताकि कार्यस्थल का माहौल बेहतर हो सके।
कार्यालय निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री रामजन्म पासवान, उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार, सहायक समाहर्ता श्री राज कृष्ण झा एवं सभी कार्यालय कर्मी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Panchayati Raj Department, Government of Bihar
East Champaran, Bihar | Sep 18, 2026