👉 मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने हेपेटाइटिस के प्रति किया जागरूक
नेशनल वायरल हेपेटाइटिस कंट्रोल कार्यक्रम के तहत संगोष्ठी व नाट्य मंचन का आयोजन
देवरिया, 28 जुलाई 2026। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर मंगलवार को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में नेशनल वायरल हेपेटाइटिस कंट्रोल कार्यक्रम के तहत जागरूकता संगोष्ठी एवं नाट्य मंचन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रजनी पटेल एवं मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. अनिल कुमार गुप्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन एवं स्वास्थ्यकर्मियों को हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना, समय पर जांच और उपचार के महत्व को बताना तथा नई तकनीकों एवं उपलब्ध दवाओं की जानकारी देना था।
प्राचार्या डॉ. रजनी पटेल ने कहा कि हेपेटाइटिस की समय पर पहचान और उपचार से इसके गंभीर दुष्परिणामों से बचा जा सकता है। उन्होंने सुरक्षित रक्त का उपयोग, स्वच्छ सुई एवं सिरिंज, व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित चिकित्सा प्रक्रियाएं तथा निर्धारित टीकाकरण को इस बीमारी से बचाव के प्रभावी उपाय बताया।
सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति में हेपेटाइटिस के लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्व हेपेटाइटिस दिवस केवल एक दिवस नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने का सशक्त अभियान है। उन्होंने लोगों से समय पर जांच, आवश्यक टीकाकरण और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता और जागरूकता ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।
इस अवसर पर सीएमएस डॉ. एच.के. मिश्रा, नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र कुमार, हेपेटाइटिस ट्रीटमेंट सेंटर के नोडल अधिकारी डॉ. कोमल मोरे, डॉ. सिराजुद्दीन, डॉ. अजीत पाल, डॉ. जफर अनीश, जिला महामारी विशेषज्ञ राजीव भूषण पाण्डेय, रविजीत बहादुर सिंह, उपेंद्र तिवारी सहित अन्य चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Salempur, Deoria | Jul 28, 2026