देवरिया में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, दूध-दही और पनीर समेत 7 नमूने लिए, कई प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस
#देवरिया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश तथा जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य)-11 हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने नगर क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान बाहर से आने वाली दुग्ध कंपनियों के विक्रय स्थलों की जांच की गई। टीम ने मदर डेयरी के 2 दूध और 1 दही का नमूना संग्रहित किया। वहीं शहर में टैंकर से दूध की आपूर्ति करने वाली तनु डेयरी से संदेह के आधार पर 2 दूध के नमूने लिए गए।
शासन के निर्देश पर टीम ने पिज्जा, बर्गर, सैंडविच और मोमोज बनाने एवं बेचने वाले प्रतिष्ठानों का भी सघन निरीक्षण किया। डोमिनोज पिज्जा (सलेमपुर रोड) और यूएस पिज्जा (न्यू कॉलोनी) में निरीक्षण के दौरान मिली कमियों के चलते सुधार नोटिस जारी किया गया।
इसके अलावा यूएस पीएफसी पिज्जा एंड फ्राइड चिकन, भटवलिया चौराहा पर निरीक्षण के दौरान वेज और नॉन-वेज खाद्य पदार्थ एक साथ रखे पाए गए। साथ ही एक्सपायरी एवं खराब खाद्य पदार्थ भी मौके पर मिले, जिन्हें तत्काल नष्ट कराया गया। यहां से सॉस और पनीर के नमूने भी जांच के लिए संग्रहित किए गए तथा प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेम चन्द्र, श्रीराम यादव, घनश्याम वर्मा, राम सिंगार यादव, राजू पाल एवं नेहा त्रिपाठी शामिल रहे।