थाना में युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, नाना बोले- सुधार के लिए पुलिस को सौंपा था
बिहार के मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह एक युवक की लाठी से पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना थाना परिसर में महिला हाजत के सामने की है। वीडियो में युवक दर्द से चिल्लाता हुआ भी सुनाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना है। पिटाई का शिकार युवक की पहचान सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के गौरीपुर निवासी मो. सोहैल के रूप में हुई है। मामले में युवक के नाना मो. युनुस ने बताया कि सोहैल लंबे समय से छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं में शामिल रहता था। वह कभी किसी दुकान से मिठाई तो कभी किसी के घर से सामान उठा लेता था, जिससे पूरा परिवार परेशान था। मो. युनुस के अनुसार करीब एक सप्ताह पहले मिठाई चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने सोहैल को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। जब वे थाना पहुंचे तो उन्होंने स्वयं थानाध्यक्ष से उसे डांट-फटकार लगाने और सुधार के उद्देश्य से हल्की पिटाई करने की बात कही थी। उनका दावा है कि थाना से लौटने के बाद सोहैल के व्यवहार में बदलाव आया है। उन्होंने यह भी बताया कि उसकी हरकतों से परेशान होकर उसके पिता कुछ महीने पहले घर छोड़कर चले गए थे। सोहैल इससे पहले भी कई बार चोरी के आरोप में पकड़ा जा चुका है। वहीं, सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने कहा कि संबंधित युवक के खिलाफ लगातार चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। उसे पहले भी कई बार समझाया गया था, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। इस पूरे मामले पर एएसपी प्रवेंद्र भारती ने कहा कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आ गया है और इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि संबंधित युवक को उसके अभिभावक स्वयं थाना लेकर आए थे। युवक पहले भी कई बार चोरी के आरोप में पकड़ा जा चुका था और उसकी गतिविधियों से परिजन भी परेशान थे। एएसपी ने कहा कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। #BiharPolice #इंडियाnewsbihar #dgpbihar