जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 14 जून 2026
डीएम-एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण, सीसीटीवी कंट्रोल रूम खंगाला* प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज परीक्षा-2025 को नकल विहीन कराने के लिए दिए कड़े निर्देश
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज परीक्षा-2025 को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी बस्ती एवं पुलिस अधीक्षक बस्ती ने शनिवार को जनपद के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
*कंट्रोल रूम और सुरक्षा का लिया जायजा*
दोनों अधिकारियों ने सबसे पहले खैर इंटर कॉलेज बस्ती पहुंचकर परीक्षा केंद्र का जायजा लिया। परिसर में टहलकर व्यवस्थाओं को परखा। इसके बाद कंट्रोल रूम में पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड देखी। केंद्र व्यवस्थापक से सुरक्षा इंतजाम, प्रवेश प्रक्रिया और कक्ष निरीक्षकों की तैनाती के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नकलविहीन परीक्षा कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। पुलिस अधीक्षक ने केंद्र के बाहर पुलिस बल को मुस्तैद रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापक को सीसीटीवी, जैमर और तलाशी व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा।
*परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न कराने पर जोर*
अधिकारियों ने कहा कि आयोग की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षार्थियों को कोई असुविधा न हो और परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न हो। इसके लिए सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को भी अलर्ट पर रखा गया है।
संवाददाता: हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Jun 14, 2026