साल के जंगलों को बचाने वन विभाग का अभियान, 19.50 लाख साल बोरर कीड़े किए नष्ट
करंजिया और बजाग क्षेत्र में ग्रामीणों ने जुटाए कीट, प्रति कीड़ा ₹2 देने की व्यवस्था; अलग-अलग स्थानों पर जलाकर किया गया नष्ट
डिंडौरी जिले में साल के जंगलों और पेड़ों को साल बोरर कीट से बचाने के लिए वन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। करंजिया और बजाग क्षेत्र में ग्रामीणों की मदद से करीब 19 लाख 50 हजार साल बोरर कीड़े एकत्र किए गए, जिन्हें वन विभाग ने विभिन्न स्थानों पर जलाकर नष्ट किया।
वन विभाग ने साल बोरर कीड़ों को पकड़ने के लिए ग्रामीणों को प्रति कीड़ा ₹2 देने की व्यवस्था की थी। इसके बाद ग्रामीणों ने जंगल और साल के पेड़ों से बड़ी संख्या में कीड़े एकत्र कर वन विभाग को सौंपे।
बताया गया कि एकत्र किए गए कीड़ों को करंजिया, चोरादादर, खारीडीह, गोपालपुर, गौराकन्हारी और ठाड़ पत्थरा सहित अलग-अलग स्थानों पर जलाकर नष्ट किया गया। अभियान के दौरान वन विभाग के अधिकारी, DFO और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
वन विभाग के अनुसार मानसून की पहली बारिश के आसपास साल बोरर कीट पेड़ों से निकलते हैं और स्वस्थ साल के पेड़ों में जाकर अंडे देते हैं। इसके बाद इनका जीवन चक्र पेड़ के अंदर पूरा होता है, जिससे पेड़ को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है।
वन विभाग का कहना है कि साल के पेड़ों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए समय रहते साल बोरर कीड़ों को पकड़कर नष्ट किया जा रहा है। अभियान में ग्रामीणों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
#DindoriNews #SalForest #ForestDepartment #MPNews #HALCHAL24NEWS