देवास में ड्रिंक एंड ड्राइव पर पुलिस का बड़ा एक्शन
13 चालकों पर ₹1.56 लाख का जुर्माना, कोर्ट उठने तक की सजा
देवास। सड़क सुरक्षा और नशे में वाहन चलाने वालों पर अंकुश लगाने के लिए देवास पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में चलाए जा रहे "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत पिछले 15 दिनों में ड्रिंक एंड ड्राइव के 17 प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए गए। इनमें से 13 वाहन चालकों को कुल ₹1.56 लाख का अर्थदंड और न्यायालय उठने तक की सजा सुनाई गई है, जबकि शेष मामलों की सुनवाई जारी है।
यातायात थाना प्रभारी पवन कुमार बागड़ी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान जिन चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। वहीं जिनके पास लाइसेंस था, उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए परिवहन विभाग को प्रतिवेदन भेजा गया है।
एबी रोड पर भी चला अभियान
यातायात पुलिस ने शहर के ए.बी. रोड पर सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की। क्रेन की मदद से बाधक वाहनों को हटाया गया और चालानी कार्रवाई करते हुए मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रही।
पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने नागरिकों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल स्वयं बल्कि दूसरों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने सभी से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देने में सहयोग की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।