मिर्जापुर में जुटेंगे प्रदेशभर के दवा कारोबारी, कल पंचतला रिसॉर्ट में OCDUP की प्रांतीय बैठक
58 जनपदों के प्रतिनिधि होंगे शामिल, दवा व्यापारियों की समस्याओं और लंबित मांगों पर होगा मंथन
मिर्जापुर, 29 अगस्त। ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स ऑफ उत्तर प्रदेश (OCDUP) की महत्वपूर्ण प्रांतीय बैठक 30 अगस्त को पंचतला रिसॉर्ट, मिर्जापुर में आयोजित होगी। बैठक में प्रदेश के 58 जनपदों से दवा व्यवसायी प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में AIOCD के राष्ट्रीय महामंत्री राजीव सिंघल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं अन्य राष्ट्रीय पदाधिकारी, OCDUP के प्रांतीय अध्यक्ष दिवाकर सिंह तथा महामंत्री सुधीर अग्रवाल सहित प्रदेश के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
प्रांतीय बैठक में दवा व्यापारियों के सामने आ रही विभिन्न समस्याओं, सरकारी नीतियों एवं नियमों से जुड़ी परेशानियों, दवा कंपनियों से संबंधित मुद्दों और लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही समस्याओं के समाधान की रणनीति तैयार कर दवा व्यवसायियों की मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने पर भी विचार-विमर्श होगा।
दवा विक्रेता समिति, मिर्जापुर के अध्यक्ष प्रमोद कुमार द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश की इस महत्वपूर्ण बैठक की मेजबानी का अवसर मिलना जनपद के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य बैठक को सफल बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी बृजेश्वर सिंह, दवा विक्रेता समिति, मिर्जापुर ने दी।
#TodayMirzapur #Mirzapur #OCDUP #ChemistsAndDruggists
Mirzapur, Mirzapur | Aug 29, 2026