महेंद्र सागर तालाब में मिला लापता वृद्ध का शव, कपड़ों और चप्पलों से की परिजनों ने पहचान; पुलिस जांच में जुटी
टीकमगढ़। शहर के महेंद्र सागर तालाब में शनिवार को एक वृद्ध का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकालने का काम किया जा रहा है। फिलहाल मृतक की पहचान बानपुर दरवाजा निवासी रूपनारायण सेन (76 वर्ष) के रूप में की जा रही है। मृतक का शव तालाब के बीच में तैरता हुआ दिखाई दे रहा है, मृतक के पुत्र हरीश सेन ने बताया कि उनके पिता घर से घूमने के लिए निकले थे। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और काफी देर तक घर नहीं लौटे। बाद में तालाब किनारे मंदिर के पास उनके कपड़े और चप्पल मिले, जिनके आधार पर शव की पहचान की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।