अपने ही विद्यालय में मुख्य अतिथि बनकर पहुंचना मेरे लिए भावुक और गौरवपूर्ण क्षण : पुरुषोत्तम कुमार
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर (मांधा)।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के विशेष शिविर का बुधवार को बड़ी धूमधाम के साथ समापन हो गया। समापन समारोह में प्रधान ग्राम पंचायत तुंदा, विकासखंड भरमौर पुरुषोत्तम कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान NSS स्वयंसेवी विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने लोक नृत्य, गीत, भाषण सहित विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि अपने ही विद्यालय में NSS शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना उनके जीवन के सबसे यादगार और भावुक पलों में से एक रहेगा। उन्होंने कहा कि जिस विद्यालय ने उन्हें शिक्षा देकर जीवन में आगे बढ़ने और समाज की सेवा करने के योग्य बनाया, आज उसी विद्यालय के मंच से विद्यार्थियों को संबोधित करना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।
पुरुषोत्तम कुमार ने सात दिवसीय NSS शिविर के सफल आयोजन के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्या, समस्त अध्यापकगण, NSS कार्यक्रम अधिकारी और स्वयंसेवी विद्यार्थियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने गांव-गांव जाकर सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भाग लेकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया है।
उन्होंने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने स्वयंसेवियों से आह्वान किया कि NSS के माध्यम से सीखे सेवा, अनुशासन, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी के संस्कारों को वे अपने जीवन में भी अपनाएं।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और यदि विद्यार्थी शिक्षा के साथ समाजसेवा की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं तो वे भविष्य में समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी स्वयंसेवी विद्यार्थियों को सात दिवसीय शिविर सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समापन समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथि पुरुषोत्तम कुमार का आभार व्यक्त किया गया तथा NSS शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों और स्वयंसेवियों को बधाई दी गई।
Dharwala, Chamba | Oct 7, 2026