झांसी में इंसानियत को झकझोर देने वाली तस्वीर, पत्नी का शव लेकर घंटों स्ट्रेचर पर बैठा रहा बेबस पति
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था और इंसानियत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पत्नी की मौत के बाद शव को घर ले जाने के लिए पैसे नहीं होने के कारण पति राहुल आदिवासी घंटों स्ट्रेचर पर शव लेकर मेडिकल कॉलेज की पार्किंग में बैठा रहा।
राहुल मध्य प्रदेश के ओरछा से अपनी पत्नी रामवती का इलाज कराने झांसी मेडिकल कॉलेज आया था। इलाज के दौरान रामवती की मौत हो गई। इसके बाद शव को घर ले जाने के लिए परिवार के पास पैसे नहीं थे। मजबूर पति शव को स्ट्रेचर पर लेकर पार्किंग में बैठा रहा।
इसी दौरान करीब 8 साल की मासूम बेटी नंदनी अपनी मां के शव के पास बैठकर रोती रही। मां की मौत और पिता की बेबसी का यह दृश्य वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर गया।
बताया गया कि इसी दौरान एक सिपाही की नजर परिवार पर पड़ी। सिपाही ने तत्काल मदद करते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था कराई, जिसके बाद रामवती के शव को घर भेजा जा सका।
एक तरफ पत्नी को खोने का दर्द, दूसरी तरफ शव को घर ले जाने तक के लिए पैसे नहीं। मासूम बेटी के आंसुओं और परिवार की बेबसी ने व्यवस्था की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
Hardoi, Hardoi | Sep 5, 2026