जमुई घटना पर गरमाई सियासत, तेजस्वी का सरकार पर हमला
पटना। जमुई की हालिया घटना को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने घटना पर दुख जताते हुए सरकार पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा यह बहुत ही दुखद घटना है, हम लोग शर्मिंदा हैं लेकिन सरकार को कोई शर्म-लाज नहीं है। बिहार में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है, सरकार सिर्फ दावे कर रही है।उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पुराने बयान को याद दिलाते हुए कहा कि सम्राट चौधरी कहते थे रात में लड़कियां फ्री होकर घूम रही हैं। जमुई की घटना इसका जीता-जागता उदाहरण है कि हकीकत क्या है।तेजस्वी ने कहा कि बिहार में लड़कियां कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं, न दिन में न रात में, न स्कूल-कॉलेज में न सड़क पर, न घर के अंदर न बाहर। महिला सुरक्षा के नाम पर सरकार सिर्फ खानापूर्ति कर रही है। अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी है।उन्होंने सरकार से दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।