पुलिस मुठभेड़ में चार शातिर लुटेरे गिरफ्तार, 1.45 लाख की नकदी बरामद
लूट की घटना का पुलिस ने किया खुलासा
चार मोबाइल, वारदात में प्रयुक्त बाइक और अवैध असलहे भी मिले
हरदोई। कोतवाली देहात क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सर्विलांस, एसओजी, स्वाट और कोतवाली देहात पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान घटना में संलिप्त चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 1,45,730 रुपये की नकदी, चार मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अवैध असलहे व कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, घटना के खुलासे के लिए सर्विलांस और अन्य पुलिस टीमों को लगाया गया था। संयुक्त टीम ने सूचना और सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूट की रकम और घटना से जुड़े अन्य सामान बरामद हुए।
क्षेत्राधिकारी नगर अजीत चौहान ने बताया कि पुलिस टीम ने समन्वित कार्रवाई करते हुए लूट की घटना का सफल अनावरण किया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Hardoi, Hardoi | Nov 13, 2026