जालौन: नया तोपखाना मोहल्ले में नाली जाम, कीचड़ और गंदगी से राहगीर परेशान
जालौन। नगर के मोहल्ला नया तोपखाना, कोंच रोड में नाली जाम होने से सड़क पर गंदा पानी और कीचड़ फैल गया है। रास्ता गिलाव से भर जाने के कारण राहगीरों के साथ छात्र-छात्राओं को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सफाई व्यवस्था बदहाल होने के कारण लोगों में नगर पालिका के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई कर्मी नियमित रूप से नहीं आते, जिसके चलते नालियां जाम होकर सड़क पर गंदा पानी बहने लगता है। गंदगी और जलभराव के कारण लोगों को बदबू तथा संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है। स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। मोहल्लेवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से नाली की तत्काल सफाई कराने, सड़क से कीचड़ हटाने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।