#संपूर्ण समाधान दिवस में 145 फरियादियों ने लगाई गुहार, 12 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
#फरियादियों की समस्याओं पर डीएम- एसपी गंभीर, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
#फरियादियों को नहीं लगाना पड़ेगा कार्यालयों का चक्कर, डीएम ने दिए समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
#बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील बैरिया में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को अधिकारियों ने गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद, अवैध कब्जे, राशन कार्ड, नाली निर्माण सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित शिकायतें सामने आईं। इनमें सबसे अधिक मामले भूमि विवाद से संबंधित रहे। इस पर जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर पहुंचकर मामलों की जांच करने और नियमानुसार प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
वहीं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि पुलिस से जुड़ी प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए समय सीमा के भीतर उसका निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को फरियादियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 145 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर एसडीएम बैरिया, तहसीलदार एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।