‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर मनाया शिक्षक दिवस
वाराणसी। शिक्षक दिवस के मौके पर शनिवार दोपहर करीब 12बजे वाराणसी वन विभाग की ओर से ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के तहत सेवा भारती किलेज परिसर एवं रघुनाथपुर संपर्क मार्ग पर पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम के दौरान करीब 2,500 पौधे रोपे गए। इनमें शीशम, सागौन, महुआ, अर्जुन, नीम और कटहल के पौधे शामिल रहे।
इस अवसर पर वन विभाग के रेंजर राजकुमार गौतम ने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के लगभग 2,500 पौधों का रोपण किया गया है। उन्होंने लोगों से पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।
पर्यावरणविद् अनिल सिंह ने कहा कि ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ लगाना सच्ची गुरु दक्षिणा है। प्रत्येक व्यक्ति को एक पौधा लगाकर उसकी पुत्रवत देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जल का संरक्षण होगा, तभी पौधों का संरक्षण संभव है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रवीण सिंह गौतम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पौधारोपण और जल संरक्षण को जन अभियान बनाकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के बच्चों ने जनजागरूकता रैली निकालकर लोगों को पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. अमरचंद ठाकुर, रेंजर राजकुमार गौतम, वैभव श्रीवास्तव, रणविजय मौर्य, संजय कुमार, अलका चौरसिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।