मीरजापुर न्यायालय परिसर में सुरक्षा का शक्ति परीक्षण, पुलिस ने किया वृहद मॉक ड्रिल का सफल आयोजन
मीरजापुर। न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं अभेद्य बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मीरजापुर न्यायालय परिसर में वृहद सुरक्षा मॉक ड्रिल (Mock Drill) का आयोजन किया गया। यह अभ्यास माननीय न्यायाधीश एवं न्यायालय सुरक्षा समिति के अध्यक्ष के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर एवं क्षेत्राधिकारी अभिसूचना के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
मॉक ड्रिल के दौरान बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वाड ने न्यायालय परिसर, वीआईपी कक्षों और संवेदनशील स्थानों की सघन तलाशी लेकर संदिग्ध वस्तुओं से निपटने का अभ्यास किया। वहीं अग्निशमन विभाग की टीम ने आग लगने की स्थिति में बचाव एवं सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन) का प्रदर्शन करते हुए अग्निशमन उपकरणों की कार्यक्षमता भी परखी।
अभ्यास के दौरान आपातकालीन अलार्म बजने पर पुलिस एवं सुरक्षा बलों की त्वरित प्रतिक्रिया (रिस्पॉन्स टाइम) का भी परीक्षण किया गया, जो संतोषजनक पाया गया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।
इस अवसर पर न्यायालय सुरक्षा समिति के अध्यक्ष, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी अभिसूचना सहित पुलिस, अग्निशमन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Mirzapur, Mirzapur | Jul 17, 2026