समाहरणालय, नवादा
(जन-सम्पर्क शाखा)
*प्रेस विज्ञप्ति*
संख्या :- 500
दिनांक :- 21.06.2026
*अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विकास भवन परिसर में योग कार्यक्रम आयोजित, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान*
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज विकास भवन परिसर, समाहरणालय नवादा में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पदाधिकारियों, कर्मियों, महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “Yoga for Healthy Ageing” (स्वस्थ आयु के लिए योग) है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को बताया गया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समग्र विकास का माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति प्रत्येक आयु में स्वस्थ, सक्रिय, ऊर्जावान एवं आत्मनिर्भर बना रह सकता है।
योग सत्र में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। उपस्थित लोगों को योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक लाभों के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर की लचीलापन, संतुलन एवं शक्ति में वृद्धि होती है। साथ ही तनाव, चिंता एवं अवसाद जैसी समस्याओं में कमी आती है तथा मानसिक शांति एवं एकाग्रता का विकास होता है। योग मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा एवं अन्य जीवनशैली संबंधी रोगों के नियंत्रण में भी सहायक सिद्ध होता है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने तथा अपने परिवार एवं समाज में भी योग के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की गई। कार्यक्रम के माध्यम से “स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज” का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस, नवादा श्रीमती निरुपमा शंकर द्वारा किया गया। इस अवसर पर आईसीडीएस, डीएचईडब्ल्यू (DHEW) एवं ओएससी (OSC) के सभी कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
56 views | Nawada, Bihar | Jun 21, 2026