मंच पर ही खुली कांग्रेस की अंदरूनी कलह
: पिथौरागढ़ में आयोजित कांग्रेस के परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के दौरान पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। कार्यक्रम के बीच हुए विवाद के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और विधायक मयूख महर अपने समर्थकों के साथ सम्मेलन छोड़कर चले गए।
विस्तार : पिथौरागढ़ में कांग्रेस के परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के दौरान उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब विधायक मयूख महर महिला कांग्रेस अध्यक्ष भावना नगरकोटी के बयान से नाराज हो गए। नाराजगी इतनी बढ़ी कि विधायक मयूख महर कार्यक्रम का मंच छोड़कर अपने समर्थकों के साथ सम्मेलन स्थल से बाहर निकल गए।
इस घटनाक्रम से कार्यक्रम में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सम्मेलन में मौजूद कार्यकर्ता भी दो गुटों में बंटे दिखाई दिए। खास बात यह रही कि यह पूरा घटनाक्रम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में हुआ, जिससे पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी की चर्चा और तेज हो गई।
हालांकि, कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नेताओं द्वारा माहौल को शांत कराने और नाराजगी दूर करने का प्रयास किया गया, लेकिन विधायक अपने समर्थकों के साथ सम्मेलन स्थल से रवाना हो गए। इस घटना के बाद कांग्रेस के भीतर मौजूद आंतरिक मतभेद एक बार फिर सार्वजनिक रूप से सामने आ गए हैं, जिससे आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।