नारकंडा नगर पंचायत में सर्वसम्मति की मिसाल, अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का निर्विरोध निर्वाचन संपन्न
आज नगर पंचायत नारकंडा के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव सौहार्दपूर्ण वातावरण में सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। इस अवसर पर विधायक ठियोग-कुमारसैन श्री कुलदीप सिंह राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे। नारकंडा ने एक बार फिर लोकतांत्रिक परंपराओं और सामाजिक एकता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए प्रदेश की एकमात्र नगर पंचायत होने का गौरव प्राप्त किया है, जहां पार्षद से लेकर अध्यक्ष तक सभी प्रतिनिधि निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। विधायक श्री कुलदीप सिंह राठौर ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए नारकंडा की जागरूक एवं विकासोन्मुख जनता को हार्दिक बधाई दी।
चुनाव में श्रीमती शशि कैंथला नगर पंचायत नारकंडा की अध्यक्ष तथा श्री नरेश कैंथला उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। विधायक श्री कुलदीप सिंह राठौर ने दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में नगर पंचायत विकास, सुशासन और जनसेवा के नए आयाम स्थापित करेगी।
इस अवसर पर विधायक श्री कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि नारकंडा क्षेत्र केवल एक पर्यटन स्थल ही नहीं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला बागवानी क्षेत्र भी है। उन्होंने कहा कि विधायक निर्वाचित होने के बाद से ही उन्होंने बागवानी और पर्यटन को क्षेत्र के विकास के दो प्रमुख आधार स्तंभों के रूप में प्राथमिकता दी है और इसी दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नारकंडा में पर्यटन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए आइस स्केटिंग रिंक के निर्माण हेतु 4 करोड़ रुपये तथा आधुनिक पार्किंग सुविधा के विकास के लिए 2 करोड़ रुपये स्वीकृत करवाए गए हैं। इसके अतिरिक्त हाटू पीक तक रोपवे परियोजना भी विचाराधीन है और इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। यह परियोजना नारकंडा को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
श्री राठौर ने कहा कि जनता ने निर्विरोध चुनाव के माध्यम से विकास, एकता और सकारात्मक राजनीति का स्पष्ट संदेश दिया है। अब यह सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए नगर के समग्र विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और पर्यटन संवर्धन को नई गति प्रदान करें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नगर पंचायत नारकंडा के सभी निर्वाचित प्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास की नई इबारत लिखेंगे। विधायक ने आश्वासन दिया कि नारकंडा के सर्वांगीण विकास के लिए प्रदेश सरकार एवं उनके स्तर से हरसंभव सहयोग और संसाधन उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि नारकंडा को हिमाचल प्रदेश के सबसे आदर्श, स्वच्छ और विकसित पर्यटन नगरों में शामिल किया जा सके।