सबका सम्मान जीवन आसान कार्यक्रम में जनसमस्याओं का हुआ निष्पादन, डीएम ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
रोहतास जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित "सबका सम्मान, जीवन आसान" कार्यक्रम के तहत आम जनता की समस्याओं की सुनवाई की गई। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निष्पादन कर इसकी जानकारी संबंधित आवेदकों को भी उपलब्ध कराई जाए। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, बिजली, पेयजल एवं अन्य विभागों से जुड़े मामलों पर सुनवाई की गई। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।