धुंधीकटरा में कपड़ा और जूते की दुकानों में भीषण आग, तीन दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
मिर्जापुर। नगर के धुंधीकटरा क्षेत्र में गुरुवार सुबह कपड़े और जूते की दुकानों में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से कई प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा है।
बताया जा रहा है कि आग की चपेट में इमरान जूता, अम्ब्रालय वस्त्रालय, पप्पू गिरीश सोनी चश्मा तथा गणेश सांतुवाला की दुकानें प्रभावित हुई हैं। हालांकि नुकसान का सही आकलन अभी नहीं हो सका है।
स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।
घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन करने के साथ ही आग लगने के कारणों की जांच कराई जा रही है।