*प्रयागराज के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत रामपुर गांव में गुरुवार सुबह करीब 5 बजे दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई*।
मृतक की पहचान रामनारायण गुप्ता उम्र 48 वर्ष के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मृतक मूल रूप से सिलोंधी मेजा के निवासी थे, जो वर्तमान में रामपुर करछना में रहते थे। वह 5 भाइयों में सबसे छोटे थे और जनहित हॉस्पिटल के बगल में चाय की दुकान खोलकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके 3 बच्चे हैं। परिजनों ने बताया कि वह कल ही मुंबई से घूमकर लौटे थे।
रोज की तरह वह सुबह 5 बजे साइकिल से अपनी दुकान खोलने जा रहे थे। तभी प्रयागराज से मिर्जापुर की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामनारायण बस में फंस गए और करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। स्थानीय लोगों ने शोर मचाया लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी। गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर औद्योगिक क्षेत्र थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
#prayagrajnews