🌿 सुशासन की ओर बढ़ता गांव, सशक्त पंचायत—समृद्ध औरंगाबाद 🇮🇳
पंचायत विकास दिवस के अवसर पर आज बारुण प्रखंड के पंचायत सरकार भवन, धमनी में "सुशासन युक्त ग्राम पंचायत" थीम पर जिला स्तरीय समारोह का सफल आयोजन किया गया।
जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायतों को पारदर्शी, जवाबदेह, सहभागी एवं समावेशी विकास का सशक्त माध्यम बनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम सभा की भूमिका, जनभागीदारी, महिला सशक्तिकरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, गरीबी उन्मूलन, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सतत विकास, सामाजिक न्याय एवं ग्राम पंचायतों की विकास योजनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 की पंचायत विकास योजनाओं के चयन की प्रक्रिया पर भी विस्तार से जानकारी दी गई तथा ग्रामीणों से अपनी आवश्यकताओं एवं सुझावों को ग्राम सभा के माध्यम से दर्ज कराने का आह्वान किया गया।
अपने संबोधन में उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह ने कहा कि पंचायत का वास्तविक विकास तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक ग्राम सभा में सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने विशेष रूप से बेटियों की उच्च शिक्षा, महिलाओं के सशक्तिकरण, बाल विवाह उन्मूलन तथा सामाजिक जागरूकता पर बल देते हुए प्रत्येक परिवार से बेटियों को स्नातक तक शिक्षित बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शिक्षित, जागरूक और सहभागी समाज ही विकसित पंचायत की मजबूत नींव है।
जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री इफ्तेखार अहमद ने पंचायत सरकार भवनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ग्रामीणों को अधिकतम सरकारी सेवाएँ उनकी अपनी पंचायत में ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन भवनों की स्थापना की गई है। उन्होंने ग्राम सभा को पंचायत विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए सभी ग्रामीणों से विकास योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
समारोह के दौरान लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के अंतर्गत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (एसएलडब्ल्यूएम) में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता पर्यवेक्षकों एवं कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर उनके उत्पादों की सराहना की गई तथा सामग्री क्रय कर उनके प्रयासों को प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, जीविका दीदियों एवं ग्रामीणों ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" के 136वें संस्करण का सामूहिक रूप से श्रवण किया और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी के संदेश को आत्मसात किया।
आइए, हम सभी मिलकर अपनी ग्राम पंचायतों को स्वच्छ, शिक्षित, सुरक्षित, महिला हितैषी, आत्मनिर्भर और सुशासन युक्त बनाने का संकल्प लें।
#PanchayatVikasDiwas #सुशासनयुक्तग्रामपंचायत #Aurangabad #Bihar #GramPanchayat #GoodGovernance #JanBhagidari #WomenEmpowerment #EducationForAll #Jeevika #SwachhBihar #RuralDevelopment
Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar Panchayati Raj Department, Government of Bihar
Aurangabad, Bihar | Jul 26, 2026