अधिकारियों ने जनसुनवाई में सुनी नागरिकों की समस्याएं
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित ‘जनसुनवाई’ कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनी और उपस्थित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री पुरूषोत्तम कुमार, एसडीएम खिरकिया सुश्री रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा श्री अशोक डहेरिया, डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्वेता बम्होरे सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।
जनसुनवाई में टिमरनी निवासी मिश्रीलाल पाटिल ने अपनी निमाचाकला स्थित भूमि पर बिना अनुमति के विद्युत लाइन डालने के संबंध में शिकायत की, जिस पर विद्युत वितरण कम्पनी के अधिकारी को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। ग्राम अबगांव खुर्द निवासी लक्ष्मी बाई बिल्लोरे व हंडिया निवासी असलम खान ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को आवेदिका की पात्रता का परीक्षण कर पात्रता अनुसार लाभ दिलाने के निर्देश दिये गये। जनसुनवाई में ग्राम सिंगोदा के ग्रामीणों ने भोमका बाबा मंदिर से ग्राम सिंगोदा तक कुल 3 कि.मी. सड़क मार्ग बनवाने की मांग की, जिस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत टिमरनी को ग्रामीणों की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।
जनसुनवाई में ग्राम पांढरमाटी निवासी प्रमोद बढ़ोदिया ने ठेकेदार द्वारा मजदूरी की राशि का भुगतान न करने के संबंध में शिकायत की, जिस पर श्रम पदाधिकारी हरदा को मामले की जांच कर आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। ग्राम कड़ोला उबारी निवासी पार्वती बाई ने अपने पति के निधन उपरान्त संबल योजना के तहत सहायता राशि प्राप्त न होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को आवेदिका की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। ग्राम पिपल्याकला निवासी मनोज कहार ने अपनी बेटी को लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ न मिलने के संबंध में शिकायत की, जिस पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।
Jansampark Madhya Pradesh
#Jansunwai #PublicGrievance #Harda #हरदा
Harda, Madhya Pradesh | Aug 4, 2026