तेज बरसात से ढहा मकान का पक्का जीना, बड़ा हादसा टला
हरदोई अरवल थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बरसात के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ एक मकान का पक्का जीना अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त जीने के नीचे कोई मौजूद नहीं था, जिससे परिवार के सभी लोग बाल-बाल बच गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम मंगरौरा निवासी वीरपाल सिंह पुत्र धर्मपाल सिंह के घर में हुई। बारिश के पानी व सीलन के कारण अचानक मकान का जीना गिर गया। जीने के नीचे पानी का नल, मोटर और अन्य घरेलू सामान रखा हुआ था, जो मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।अचानक हुई इस घटना से चीख-पुकार मच गई और परिजन सहम गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के समय जीने के नीचे कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि अगर कोई वहां मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल घर के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
Hardoi, Hardoi | Jul 25, 2026