'हर घर नल-हर घर जल' योजना की खुली पोल, एक साल से पानी नहीं, फिर भी भेजे जा रहे बिल
सितारगंज
| I7 NEWS
उत्तराखंड सरकार की 'हर घर नल-हर घर जल' योजना की हकीकत सितारगंज के शक्तिफार्म क्षेत्र में सवालों के घेरे में नजर आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले लगभग एक वर्ष से उनके घरों में पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही, लेकिन जल संस्थान की ओर से लगातार पानी के बिल भेजे जा रहे हैं।
लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान न होने पर पूर्व विधायक नारायण पाल शनिवार को शक्तिफार्म पहुंचे और क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
पानी की किल्लत से नाराज ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करते हुए बंद पड़े बड़े नलों पर फूल-मालाएं चढ़ाईं और सरकार व विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि जब घरों में पानी ही नहीं आ रहा तो आखिर किस बात का बिल वसूला जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक नारायण पाल ने संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि जल्द ही पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं की गई और लोगों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए और जब तक पानी उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक भेजे जा रहे पानी के बिलों पर तत्काल रोक लगाई जाए।
I7 NEWS इस पूरे मामले पर प्रशासन और जल संस्थान का पक्ष भी सामने आने पर उसे प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।