प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
27 जुलाई 2026
शीर्षक: मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक, बिहार की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने ऑनलाइन माध्यम से लिया भाग। विद्युत अवसंरचना की सुरक्षा, पीएम सूर्य घर योजना तथा अन्य कल्याणकारी प्राथमिकताओं पर दिए गए आवश्यक निर्देश।
जमुई: मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक , बिहार की संयुक्त अध्यक्षता में आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक उच्चस्तरीय राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ऑनलाइन माध्यम से भाग लिया। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना,विद्युत अवसंरचना की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था तथा 'हर थाली में बिहार की तरकारी' जैसी महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं की गहन एवं विस्तृत समीक्षा की गई।
इस बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने राज्य के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के संकल्प को दोहराते हुए कृषि फीडरों और ग्रामीण इलाकों में बिजली तारों, केबलों, कॉपर कॉइल एवं ट्रांसफॉर्मर तेल की चोरी की घटनाओं पर गहरी चिंता प्रकट की। उन्होंने विद्युत ढांचे को राज्य की संपत्ति का अभिन्न अंग बताते हुए इसे क्षति पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों और संगठित गिरोहों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कठोरतम कानूनी कार्रवाई करने का स्पष्ट निर्देश दिया। इसी क्रम में पुलिस महानिदेशक , बिहार ने भी पुलिस प्रशासन को संवेदनशील विद्युत उपकेंद्रों तथा कृषि फीडरों के आसपास सघन गश्त करने, पूर्व दर्ज प्राथमिकियों में त्वरित चार्जशीट दाखिल करने तथा इस प्रकार के अपराधों में लिप्त अपराधियों पर स्पीडी ट्रायल चलाने का आदेश दिया। साथ ही चोरी के सामानों की अवैध खरीद-बिक्री करने वाले कबाड़ियों एवं गिरोहों के पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने का टास्क सौंपा गया। विद्युत अवसंरचना की सुरक्षा एवं रियल-टाइम मॉनिटरिंग हेतु कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल के नेतृत्व में इसके लिए एक समर्पित मॉनिटरिंग सेल के गठन का निर्देश भी दिया गया।
इस संदर्भ में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि विद्युत अवसंरचना जिले के विकास और किसानों की समृद्धि की जीवनरेखा है, अतः सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति या गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा।
इस बैठक में राज्य में संचालित 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के अद्यतन क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े हुए इस महत्वपूर्ण योजना को गति प्रदान करने हेतु जिले के समस्त बैंकर्स के साथ बैठक कर ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को सुगम एवं पारदर्शी बनाया जाए। साथ ही चयनित एजेंसियों को सोलर पैनल एवं संबंधित स्ट्रक्चर की स्थापना एक साथ करने के निर्देश दिए गए ताकि कार्य समयबद्ध रूप से पूरा हो सके।
वहीं, सब्जी उत्पादकों को सशक्त बनाने तथा विपणन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित 'हर थाली में बिहार की तरकारी' (VEGFED) योजना की समीक्षा करते हुए जमुई जिले के सोनो, गिद्धौर एवं चकाई प्रखंडों में प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहयोग समिति (P.V.C.S.) के लिए भूमि चिह्नित कर आधारभूत संरचना निर्माण की दिशा में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त 'पंचायत विकास दिवस' के अवसर पर नवनिर्मित राशन कार्डों के वितरण की प्रगति का जायजा लेते हुए पात्र लाभुकों तक खाद्यान्न की समयबद्ध पहुँच सुनिश्चित करने तथा आगामी श्रावणी मेला के सफल आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश निर्गत किए गए।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar General Administration Department, Govt. of Bihar #jamui #jamuinews
1 views | Jamui, Bihar | Jul 27, 2026