पुलिस संस्मरण दिवस पर डीजीपी प्रीता वर्मा सहित वरीय अधिकारियों ने अमर शहीदों को दी विनम्र श्रद्धांजलि*
*पटना*: पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान देने वाले देश एवं राज्य के जांबाज पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर बिहार की पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा सहित बिहार पुलिस के तमाम वरीय पदाधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सपूतों की शहादत को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने देश की रक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सुरक्षा के लिए कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर जवानों के अदम्य साहस और समर्पण को याद किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का यह सर्वोच्च बलिदान पुलिस बल के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
राजधानी पटना के मुख्य आयोजन के साथ-साथ इस अवसर पर राज्य के सभी जिलों में स्थित पुलिस केंद्रों में भी विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन सभी केंद्रों पर पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने मौन रखकर कर्तव्य पथ पर शहीद हुए अपने जांबाज साथियों को नमन किया और उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
Bihar, India | Oct 21, 2026