2 किलोमीटर क्षेत्र में 4 घंटे चला सफाई अभियान, 12 टन कचरा किया साफ
नगर निगम ने वार्ड 16 की कुलदीप नगर कॉलोनी स्थित ऑटो मार्केट में चलाया विशेष सफाई अभियान
यमुनानगर। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम की ओर से वार्ड नंबर 16 की कुलदीप नगर कॉलोनी स्थित ऑटो मार्केट में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। मेयर सुमन बहमनी और निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर चलाए अभियान का शुभारंभ मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कंबोज और वार्ड पार्षद संदीप धीमान ने झाड़ू लगाकर किया। अभियान में 100 से अधिक नगर निगम कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
करीब चार घंटे तक चले इस विशेष सफाई अभियान के दौरान 2 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में सफाई की गई। इस दौरान ऑटो मार्केट और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से जमा कचरे को साफ किया गया। अभियान में 12 टन से अधिक कचरा एकत्रित किया गया, जिसका उठान कर निस्तारण के लिए कचरा प्लांट कैल भेजा गया।
सफाई अभियान के दौरान नालियों की भी विशेष सफाई की गई। सड़क किनारे और आसपास के क्षेत्रों में जमा गंदगी व कचरे को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया। नगर निगम कर्मचारियों ने स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कचरा इधर-उधर न फेंकने और गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की अपील की।
मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कंबोज ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर बनाने के लिए नगर निगम के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। वार्ड पार्षद संदीप धीमान ने भी स्थानीय लोगों से सफाई व्यवस्था बनाए रखने और नगर निगम कर्मचारियों का सहयोग करने की अपील की।
अभियान में सफाई निरीक्षक प्रदीप दहिया, सफाई निरीक्षक सुशील शर्मा, एसबीएम टीम विशेषज्ञ आकाश कुमार, गगन सहित नगर निगम कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन - अभियान के तहत वार्ड 16 में सफाई करते निगम कर्मी व अन्य।