प्रयागराज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1 करोड़ 3 लाख रुपये की स्मैक के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
प्रयागराज। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारकोटिक्स टास्क फोर्स, अपराध शाखा कमिश्नरेट प्रयागराज और थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एक अंतरराज्यीय स्मैक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 515 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 3 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग अभियान के दौरान थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत यूनिवर्सिटी के पीछे वाली रोड, सस्सवती हाइटेक सिटी के पास से आरोपी को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आलोक त्रिपाठी पुत्र ब्रह्मानंद निवासी किदवई नगर, थाना नरैनी, जनपद बांदा, उम्र करीब 42 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से स्मैक के अलावा 7060 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और एक राउटर भी बरामद किया है। मामले में थाना औद्योगिक क्षेत्र में मुकदमा संख्या 108/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मणिपुर के इम्फाल से आने-जाने वाले ट्रकों के माध्यम से स्मैक लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में संपर्क कर बिक्री करता था। आरोपी ने यह भी बताया कि वह पकड़े जाने के डर से मोबाइल में सिम का इस्तेमाल नहीं करता था और राउटर के माध्यम से व्हाट्सएप पर बातचीत करता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी है। वर्ष 2020 में दिल्ली के रोहिणी थाना क्षेत्र में उसे भारी मात्रा में स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया था, जहां करीब 3 किलो स्मैक बरामद हुई थी।
इस कार्रवाई में थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी कमलेश कुमार पटेल सहित पुलिस टीम और नारकोटिक्स टास्क फोर्स अपराध शाखा कमिश्नरेट प्रयागराज की टीम शामिल रही।
मनोज कुमार बिंद पत्रकार
यूनाइटेड भारत बारा
Bara, Allahabad | Jul 11, 2026