प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
28 जुलाई 2026
शीर्षक: बाबा धनेश्वर नाथ मंदिर में श्रावणी मेले का जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने किया उद्घाटन। पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
जमुई: आस्था, लोक परंपरा और भक्ति के महान केंद्र सिकंदरा प्रखंड स्थित पौराणिक बाबा धनेश्वर नाथ मंदिर, महादेव सिमरिया में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा किया गया। साथ ही मंदिर में पूजा अर्चना कर जिलेवासियों के सुख समृद्धि का कामना किया गया। जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने समस्त प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंदिर प्रांगण और शिवगंगा सरोवर का निरीक्षण किया कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, साथ ही खेल, कला, साहित्य और अन्य क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और व्यक्तियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, भूमि उप समाहर्ता, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित जमुई के प्रबुद्ध जन, कवि, साहित्यकार और समाजसेवी लोग उपस्थित रहे।
जमुई की यह पावन धारा सदियों से आध्यात्मिक चेतना का केंद्र रही है, और महादेव सिमरिया का यह स्वयंभू मंदिर इस सांस्कृतिक धरोहर का दीप्तिमान स्तंभ है। "बिहार का देवघर" कहे जाने वाले इस दिव्य धाम में भगवान शिव के उपलिंग स्वरूप का दर्शन करने के लिए सावन के पवित्र महीने में समूचे क्षेत्र से श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ता है।
इस मंदिर के बारे में लोक मान्यता है कि गिद्धौर राजवंश के राजा पूरणमल की असीम भक्ति से प्रसन्न होकर स्वयं भगवान विश्वकर्मा ने रातों-रात इस मंदिर का निर्माण किया था। धनवे गाँव के कुंभकार धनेश्वर पंडित को मिले इस स्वयंभू शिवलिंग की पूजा में आज भी पारंपरिक रूप से कुंभकार समाज की उपस्थिति यहाँ की अनूठी सामाजिक समरसता और लोक-संस्कृति का अनुपम उदाहरण पेश करती है। मंदिर के चारों ओर फैली पवित्र शिवगंगा , सामने से दिखती गिद्देश्वर पर्वत की चोटियां और इसके ऐतिहासिक पृष्ठभूमि जमुई को बिहार के धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर इसे एक विशिष्ट और गौरवशाली पहचान दिलाती है।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने जमुई की समृद्ध धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को नमन किया। उन्होंने कहा कि बाबा धनेश्वर नाथ धाम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि जमुई जिले की सांस्कृतिक आत्मा और जन-जन की अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। जिला प्रशासन का यह निरंतर प्रयास है कि दूर-दराज से आने वाले हर कांवड़िए और श्रद्धालु को एक सुगम, सुरक्षित और आध्यात्मिक वातावरण मिल सके।
श्रद्धालुओं की अपार भीड़ की संभावना को देखते हुए संपूर्ण मेला परिसर में बैरिकेडिंग, पेयजल, मेडिकल कैंप, स्वच्छता , तथा CCTV कैमरों और पुलिस बल के माध्यम से सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं, ताकि भक्ति के इस पावन उत्सव में किसी भी भक्त को असुविधा का सामना न करना पड़े।
अंत में उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से मेले की गरिमा, स्वच्छता और आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।
#jamui #jamuinews General Administration Department, Govt. of Bihar @
Jamui, Bihar | Jul 28, 2026