नवीन जिन्दल फाउंडेशन की मोबाइल मेडिकल यूनिटों द्वारा 312 लोगों को उपलब्ध कराई स्वास्थ्य सेवाएं
सांसद नवीन जिन्दल द्वारा संचालित तीन मोबाइल मेडिकल युनिटों द्वारा कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कुरुक्षेत्र, 13 जून। नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा जिला कुरुक्षेत्र में संचालित दो मोबाइल मेडिकल यूनिट्स ने शनिवार को थानेसर विधानसभा क्षेत्र के ओपी जिन्दल पार्क पहुंचकर कुल 312 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई। स्थानीय लोगों ने अपने घर के समीप ही निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त की। इसके साथ-साथ आस पास के गांवों से आए लोगों ने भी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया।
डॉ. पूर्णमल और डॉ. प्रमोद के अनुसार लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। रक्तचाप, मधुमेह सहित विभिन्न सामान्य बीमारियों की जांच की गई। दोनों मोबाइल मेडिकल युनिट द्वारा ओपी जिन्दल पार्क में 272 जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं, जबकि 60 लोगों के रक्त परीक्षण भी मौके पर ही किए गए।
सांसद नवीन जिन्दल के कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में गांव-गांव और कस्बों में तीन मोबाइल मेडिकल युनिटों द्वारा लोगों को संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल के निर्देशानुसार वर्तमान में दो मोबाइल मेडिकल यूनिट्स कुरुक्षेत्र में और एक मोबाइल मेडिकल युनिट कैथल में स्वास्थ्य सेवाएं दे रही हैं, जिससे दूरदराज के गांवों तक भी स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित हो रही है।
Thanesar, Kurukshetra | Jun 13, 2026