शहीद पुलिसकर्मी हरीश राजपुरोहित को जालौर पुलिस का सलाम, एसपी शैलेन्द्रसिंह इंदौलिया ने बालेरा (सांचौर) पहुंचकर दी श्रद्धांजलि, परिजनों को बंधाया ढांढस
जालौर पुलिस के शहीद पुलिसकर्मी हरीश राजपुरोहित को उनके पैतृक गांव बालेरा (सांचौर) में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जालौर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्रसिंह इंदौलिया स्वयं अपनी पूरी टीम के साथ शहीद पुलिसकर्मी के निवास पहुंचे, जहां उन्होंने पुष्पचक्र अर्पित कर अपने साथी को अंतिम नमन किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान, वृताधिकारी जयराम मुंडेल सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और जवानों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस अधिकारियों ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व बागोड़ा थाने में राजकीय कार्य से लौटते समय भारतमाला मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना में हरीश राजपुरोहित का निधन हो गया था। जालौर पुलिस ने अपने वीर साथी को पूरे सम्मान और भावनात्मक श्रद्धांजलि के साथ विदाई दी।
Sanchore, Jalor | Jul 15, 2026