घर बनाने पर दबंगों का कब्जा: शिकायतों के बावजूद कार्रवाई शून्य, पीड़ित दर-दर भटकने को मजबूर
उरई (जालौन)
जिले के कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम उदनपुर में एक बार फिर दबंगई का मामला सामने आया है, जहां अपने ही मकान का निर्माण करा रहे एक व्यक्ति को गांव के दबंगों द्वारा लगातार रोका जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद प्रशासन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सका है।
पीड़ित महिपाल पुत्र मोहनलाल का आरोप है कि वह अपने पुश्तैनी मकान का निर्माण कार्य करा रहा है और उसके पास घर की वैध घरौनी भी मौजूद है। इसके बावजूद गांव के ही अखिलेश, अनिल पुत्र कालीचरन और रजनी पुत्री कालीचरन जबरन उस जमीन को अपनी बताते हुए निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे हैं। इतना ही नहीं, आरोपी पक्ष पीड़ित को झूठे मुकदमे में फंसाने और मारपीट की धमकी भी दे रहा है।
महिपाल ने बताया कि उसने 23 मई 2026 को उपजिलाधिकारी कालपी को लिखित शिकायत दी थी। इसके बाद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य में बाधा न डालने की हिदायत भी दी थी, लेकिन पुलिस के जाते ही आरोपियों का रवैया फिर से आक्रामक हो गया।
पीड़ित ने समाधान दिवस, थाना और उपजिलाधिकारी कार्यालय में कई बार गुहार लगाई, लेकिन हर बार उसे सिर्फ आश्वासन ही मिला। अब हालात यह हैं कि वह अपने ही घर में निर्माण कराने के लिए प्रशासन की चौखट पर बार-बार सिर पटकने को मजबूर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाया तो यह मामला किसी बड़े विवाद का रूप ले सकता है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक कार्रवाई करता है या फिर पीड़ित यूं ही न्याय के लिए भटकता रहेगा।
Jalaun, Jalaun | Jun 8, 2026