अमृत भारत स्टेशन योजना से बदली शिवपुरी रेलवे स्टेशन की तस्वीर, 22 करोड़ की लागत से हुआ आधुनिक कायाकल्प
अनोखा तीर, शिवपुरी/भोपाल। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल अंतर्गत आने वाले शिवपुरी रेलवे स्टेशन का करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया गया है। आधुनिक सुविधाओं, आकर्षक स्वरूप और स्थानीय कला-संस्कृति की झलक के साथ स्टेशन अब यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करेगा।
रेलवे के अनुसार, स्टेशन के पुनर्निर्माण में सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण, प्लेटफॉर्म पर नए कवर शेड एवं शेड विस्तार, स्टेशन भवन के अग्रभाग और आंतरिक हिस्सों का आधुनिकीकरण किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए नए प्रतीक्षालय, आधुनिक शौचालय और बेहतर बुकिंग काउंटर बनाए गए हैं।
स्टेशन पर नया फुट ओवर ब्रिज और भव्य स्टेशन भवन भी तैयार किया गया है। दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप, टैक्टाइल पाथ सहित आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। वहीं, स्टेशन परिसर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था से सुरक्षा और आकर्षण दोनों बढ़ाए गए हैं।
रेलवे का कहना है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित नया शिवपुरी रेलवे स्टेशन केवल आधुनिक यात्री सुविधाओं का केंद्र नहीं, बल्कि क्षेत्र के पर्यटन, स्थानीय विकास और बेहतर रेल संपर्क को भी नई गति देगा। यह स्टेशन बदलते भारत और आधुनिक रेलवे अवसंरचना का प्रतीक बनकर उभरा है।
Harda, Harda | Jul 13, 2026