अवैध खनिज परिवहन एवं उत्खनन पर खनिज विभाग की कार्रवाई
________________
तीन दिनों में रेत एवं मुरूम के अवैध परिवहन में जेसीबी सहित वाहन जब्त
________________
वाहनों के मालिकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज नियमों के तहत अर्थदंड की कार्रवाई प्रस्तावित
________________
खरगोन 10 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज अधिकारी श्री राकेश कुमार कनेरिया के नेतृत्व में खनिज निरीक्षक श्रीमती आरती गाते एवं खनिज टीम द्वारा 7 से 9 सितंबर 2026 तक विभिन्न क्षेत्रों में जांच एवं कार्रवाई की गई।
खनिज विभाग की टीम द्वारा 7 सितंबर को ग्राम बोरगांव, तहसील गोगावां, 8 सितंबर को ग्राम टोमचवली तथा 9 सितंबर को टेमला रोड, खरगोन क्षेत्र में जांच के दौरान खनिज रेत एवं मुरूम के अवैध परिवहन/उत्खनन के प्रकरण पाए गए। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर एवं हाइवा सहित कुल 5 वाहनों/मशीनरी को जब्त कर संबंधित पुलिस थानों की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया।
जब्त वाहनों में जेसीबी मशीन एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली, एक अन्य जेसीबी मशीन, दो डंपर तथा एक हाइवा शामिल हैं। इनमें रेत एवं मुरूम का परिवहन पाया गया। जब्त वाहनों को क्रमशः पुलिस थाना गोगावां, बकावां तथा मेनगांव की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग द्वारा बताया गया कि उक्त वाहनों के मालिकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम, 2022 के प्रावधानों के तहत अर्थदंड प्रस्तावित करने की कार्रवाई की जा रही है। जिले में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
#JansamparkMP #khargone
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Sep 10, 2026